भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने 2 हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले के विरोध में आबकारी मंत्री का पुतला दहन किया। भाजपा और भाजयुमो नेताओं ने अवंतीबाई चौक कोहका में एकत्र होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते पैदल मार्च किया। इसके बाद पुलिस को चकमा देते हुए तीन अलग-अलग पुतले जलाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया ने बताया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विवेचना के दौरान प्रदेश कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नजदीकी समर्थक नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से 2000 करोड़ रुपए का शराब महाघोटाला उजागर हुआ है। वृहत पैमाने पर हुए इस भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिले के सभी मंडल में अलग-अलग दिन प्रदर्शन कर पुतला दहन करेगी।
जिला महामंत्री ललित चंद्राकर ने बताया कि वृहत पैमाने पर हुए इस भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व ने जिला स्तर पर प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसी तारतम्य में दुर्ग जिला भाजपा संगठन द्वारा जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में 11 मई गुरुवार को दोपहर 1 बजे से दुर्ग संभाग कार्यालय, हिंदी भवन के सामने महाधरना किया जाएगा, इस महाधरना कार्यक्रम में दुर्ग जिले के सभी 13 मंडलों के बूथ स्तर से लेकर तमाम वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे।
इसे भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में 975 पदों पर भर्ती, बिलासपुर, रायपुर ,दुर्ग ,जगदलपुर और अम्बिकापुर में होगा सेंटर